मुगलसराय पुलिस ने ट्रक चालकों के मोबाइल चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 7 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हमीदपुर मार्ग पर घेराबंदी कर आरोपी को एक अपाची मोटरसाइकिल के साथ दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान कमलेश यादव (27) निवासी विशुनपुरा, थाना जमालपुर, जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 317(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जीटी रोड पर खड़े ट्रकों में सो रहे ड्राइवरों व खलासियों के मोबाइल चोरी करता था। बाहरी राज्यों के चालक होने के कारण वे ज्यादा खोजबीन नहीं करते थे, जिसका फायदा उठाकर वह वारदात को अंजाम देता था। पुलिस ने आरोपी के पास से विभिन्न कंपनियों के 7 मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक सूरज कुमार समेत पुलिस टीम शामिल रही।