चंदौली जिले के हेतमपुर से चिलबिली होते हुए कमालपुर कस्बे में बहने वाले गंदे नाले के गंदे पानी से किसानों की फसलें बर्बाद हो रहीं हैं। ग्रामीण नाले में मलबा बहा देते हैं। इससे नाले का पानी रुक गया है। जलनिकासी बाधित होने के कारण आसपास के खेतों में जलभराव हो रहा है। ग्रामीण रामेश्वर सिंह, अवधेश सिंह और बचाऊ सिंह ने बताया कि यह नाला लगभग पंद्रह गांवों के नाबदान तथा खेतों की सिंचाई का मुख्य साधन है। नाले का पानी करीब सात किलोमीटर की दूरी तय कर चिलबिली गांव स्थित अगहरबीर बहुरिया नदी में जाकर गिरता है, लेकिन कई स्थानों पर मलबा और कूड़ा डाल दिए जाने से नाले का बहाव पूरी तरह प्रभावित हो गया है। किसानों ने बंधी डिवीजन से नाले की तत्काल सफाई कराने तथा भविष्य में मलबा डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है, ताकि जलभराव की समस्या से निजात मिल सके और फसलों को होने वाले नुकसान को रोका जा सके। बंधी डिवीजन के अधिशासी अभियंता अतुल गुप्ता नें बताया की स्थाई निदान के लिए तार की जाली लगाकर रोका जा सकता है। इसके धन के लिए विभाग को पत्र भेजा गया है। धन मिलते ही काम शुरू कर दिया जाएगा।