चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली के गेट पर फल विक्रेताओं ने मंगलवार की रात केले का रेट पूछने पर हुए विवाद के बाद अधिवक्ता और उसके परिवार वालों की बेरहमी से पिटाई कर दी। इस दौरान कार का शीशा भी तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी प्रकार अधिवक्ता और उसके परिवार वालों को बचाया। अधिवक्ता की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद और 20 अज्ञात फल विक्रेताओं के विरूद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। इसके बाद कोतवाल ने कोतवाली के आसपास अवैध रूप से ठेले को हटवा दिया और अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से ढहा दिया। फिलहाल पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।