चंदौली जिले में चकिया कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने शनिवार को मवेशी चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। क्या है पूरा मामला पुलिस के अनुसार शनिवार को कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि थाना चकिया क्षेत्र के बमहोरा नाका गांव में कुछ मवेशी चोर नीले रंग की मैजिक वाहन से पहुंचे थे। ग्रामीणों के जाग जाने पर सभी आरोपी वाहन लेकर वहां से भाग निकले। सूचना मिलते ही चकिया प्रभारी निरीक्षक, जो एसओजी टीम के साथ पहले से वांछित अपराधियों की तलाश में क्षेत्र में गश्त कर रहे थे, तत्काल मौके के लिए रवाना हुए। पुलिस टीम ने संदिग्ध मैजिक वाहन की घेराबंदी कर गरला के आगे उसे ओवरटेक कर रोक लिया। वाहन रुकते ही उसमें सवार बदमाश भागने लगे। पुलिस ने चार आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि एक बदमाश पुलिस पर फायरिंग करता हुआ भागने लगा। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली उसके पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। घायल बदमाश को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।