चहनिया क्षेत्र के घनश्यामपुर स्थित आयुष्मान स्वास्थ्य केंद्र पर पिछले चार दिनों से ताला लटका हुआ है, जिससे आसपास के ग्रामीण मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। केंद्र बंद रहने के कारण जरूरतमंद लोग इलाज के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बताया कि यह स्वास्थ्य केंद्र सरकार द्वारा गरीब व असहाय मरीजों की सुविधा के लिए लाखों रुपये खर्च कर बनाया गया था, लेकिन डॉक्टर की मनमानी के चलते केंद्र अक्सर बंद रहता है। ग्रामीणों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि यह केंद्र सप्ताह में केवल एक या दो दिन ही खुलता है, जबकि डॉक्टर पूरे सप्ताह या पखवाड़े की हाजिरी लगा देते हैं। लोगों ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र की यह स्थिति क्षेत्र के स्वास्थ्य सेवाओं का मजाक बना रही है। ग्रामीणों ने मुख्य चिकित्साधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए बिगड़ी व्यवस्था को अविलंब सुधारने की मांग की है, ताकि मरीजों को मूलभूत स्वास्थ्य सेवाएं समय पर मिल सकें।