वाराणसी नगर निगम द्वारा पुलाव शहीद मजार बहादुरपुर से लेकर पड़ाव चौराहे तक सीसी रोड को तोड़कर बीच में पाइप डाले जाने से क्षेत्रीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। सड़क तोड़े जाने से आवागमन प्रभावित होने लगा, जिसको लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर कार्यदायी संस्था के खिलाफ नारेबाजी की और एक्शन (कार्यदायी एजेंसी) को पत्रक सौंपा। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि बिना किसी ठोस योजना और पूर्व सूचना के नई बनी सीसी सड़क को तोड़ दिया गया, जिससे जनता को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ रही है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मांग की कि सड़क को तोड़ने के बजाय वैकल्पिक तकनीक से पाइपलाइन बिछाई जाए तथा पहले से बनी सड़क को यथावत रखा जाए। उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स के पैसे की खुलेआम बर्बादी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के विरोध और पत्रक सौंपे जाने के बाद कार्यदायी एजेंसी को काम रोकना पड़ा। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इसी तरह मनमाने तरीके से कार्य किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे और उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के विरोध का समर्थन किया।