चंदौली के सैयदराजा पुलिस ने अवैध डीजल तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बोलेरो वाहन से बिहार ले जाए जा रहे 2000 लीटर डीजल के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद डीजल की अनुमानित कीमत करीब 1.87 लाख रुपये बताई गई है। थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र ने बताया कि थाना सैयदराजा पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक बोलेरो वाहन से बड़ी मात्रा में डीजल बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने एनएच-2 हाईवे स्थित बगही कुम्भापुर के पास घेराबंदी कर वाहन संख्या यूपी-75 बीटी-7546 को रोक लिया। तलाशी लेने पर वाहन से 2000 लीटर डीजल बरामद हुआ। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे गोधना स्थित आरआर फ्यूल पेट्रोल पंप से डीजल लेकर बिहार के भभुआ क्षेत्र स्थित एक निर्माण कंपनी तक पहुंचाने जा रहे थे। मामले की रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी से अनुमति प्राप्त करने के बाद थाना सैयदराजा में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा निवासी नावेद पुत्र मैनुद्दीन तथा राजस्थान निवासी मोईन पुत्र सुबेद्दीन के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर डीजल के स्रोत और तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।