कंदवा थाना क्षेत्र के तेलहरा गांव में मारपीट और फायरिंग की घटना के बाद चंदौली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पुलिस ने मामले में संलिप्त 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक और कारतूस भी बरामद कर लिया गया है। एसपी आकाश पटेल ने सोमवार को पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर बताया कि घटना 19 अप्रैल 2026 की है, जब ग्राम तेलहरा में एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश और बच्चों के विवाद को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के सुभाष ने अपनी लाइसेंसी 12 बोर बंदूक से फायर कर दिया। फायरिंग में छर्रे लगने से कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मुख्य आरोपी सुभाष को 19 अप्रैल को कंदवा चौराहे के पास से गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य 13 आरोपियों को 20 अप्रैल को तेलहरा स्थित राइस मिल के पास खेत से पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी 12 बोर बंदूक, एक खाली कारतूस और लाठी-डंडे बरामद किए गए हैं। एसपी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पूर्व में भी विवाद हो चुका है, जिसमें वर्ष 2025 में प्राथमिकी दर्ज हुआ था। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।