भादवा गांव में बिना अनुमति के जांच करने पहुंची विजिलेंस और ऊर्जा निगम की टीम के विरोध में ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन किया। वहीं सूचना पर भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता भी पहुंच गए। मौके पर एसडीओ देहात ने पहुंच कर लोगों की समस्याएं सुनी और कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया। भारतीय किसान यूनियन टिकैत संगठन के जिलाध्यक्ष चौधरी अरब सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे विजिलेंस और ऊर्जा निगम की टीम गांवों में जांच करने पहुंच गई। आरोप है कि निगम के कर्मचारी बिना किसी अनुमति और जानकारी के छत पर चढ़ गए और घरों में घुस गए। इस दौरान महिलाएं स्नान कर रहीं थीं और सो रहीं थी, जो डर गईं। इस तरह की कार्रवाई ग्रामीणों का शोषण है और अपमान जनक है। निगम की ओर से नौरंगा, तिन्हैया, हबीबपुर, भादवा आदि गांवों में चेकिंग की गई। ग्रामीणों ने इस तरह की सूचना दी तो संगठन के कार्यकर्ता भादवा गांव पहुंच गए और कार्रवाई के विरोध में धरना प्रदर्शन किया। चौधरी अरब सिंह का कहना है कि निगम की ओर से जर्जर तार व खंभों को नहीं बदला जा रहा है। नीचे लटकते तार ठीक नहीं किए गए, जिससे दो लोगों की मौत हो चुकी है। छापेमारी कर अवैध वसूली कर रहे हैं। इस तरह से कनेक्शन काटते हैं और बाद में जोड़ने के लिए वसूली की जाती है। जब तक ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर बिजली के तार व खंभे नहीं बदले जाएंगे, तब तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं होगी। वहीं सूचना पर एसडीओ देहात संतोष त्रिपाठी व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह भी पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया और कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया। इस दौरान आलोक चौधरी, मोहित कुमार, अजब सिंह, बबलू कुमार, मोहित कुमार, श्यामवीर, सुरेश कुमार, मनोज कुमार, रामकिशन सिंह, दिनेश बौहरे, मनोज कुमार आदि रहे। विजिलेंस और ऊर्जा निगम की टीम साढ़े छह बजे सूर्योदय के बाद गांव में गई थी। किसी से कोई अभद्रता या अपमान जनक बात नहीं की। इस तरह निगम की टीम को नहीं रोकना चाहिए। इसमें उच्चाधिकारियों से वार्ता कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - संतोष त्रिपाठी, एसडीओ देहात, खुर्जा।