राष्ट्रगीत वन्दे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज जनपद के सभी प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद के सभी विद्यालयों में प्रातः 10 बजे से राष्ट्रगीत के गायन से हुआ, जिसमें विद्यालयों के शिक्षक, विद्यार्थी सम्मिलित हुए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने पीएम श्री विद्यालय कुड़वल, बनारस विकास क्षेत्र बुलंदशहर में पहुंचकर इस ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित सामूहिक राष्ट्रगीत गायन में प्रतिभाग किया। उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए “वन्दे मातरम्”के इतिहास, अर्थ एवं महत्व के विषय में विस्तार से बताया। और वंदे मातरम् का शाब्दिक अर्थ बच्चों को समझाया। पांडेय ने कहा कि वन्दे मातरम केवल एक गीत नहीं, यह हमारी मातृभूमि के प्रति श्रद्धा, त्याग और राष्ट्रीय एकता का अमर प्रतीक है। इसके शब्द हम सबमें देशप्रेम और कर्तव्यनिष्ठा की भावना जगाते हैं। इस अवसर पर विद्यालयों में विविध देशभक्ति कार्यक्रम जैसे प्रभात फेरी, रैली, भाषण, वाद-विवाद, निबंध लेखन, रंगोली, काव्य पाठ एवं देशभक्ति गीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जनपद के सभी विकास क्षेत्र के विद्यालयों में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ सहभागिता करते हुए राष्ट्रप्रेम की भावना व्यक्त की।इस आयोजन पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सांस्कृतिक गौरव की भावना को सशक्त करते हैं