भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के कार्यकर्ताओं ने अवैध वसूली का आरोप लगाकर बुधवार को खानपुर थाने का घेराव किया। आरोप है कि पुलिस अवैध वसूली कर साजिश के तहत मारपीट कराकर रिपोर्ट दर्ज कर रही है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि अवैध वसूली नहीं रुकी तो पुलिस के खिलाफ महापंचायत होगी। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी मांगेराम त्यागी ने कहा कि पुलिस की नाक के नीचे अवैध वसूली की जा रही है। खानपुर में वह लोग जो सामाजिक प्रवृत्ति के नहीं हैं, सरेआम वसूली कर रहे हैं। भाकियू कार्यकर्ताओं ने इसकी शिकायत खानपुर पुलिस से की तो उन्हीं पर साजिश के तहत मारपीट कराकर उल्टा मुकदमा लिखकर कार्रवाई की है।