बुलंदशहर जनपद के खुर्जा तहसील क्षेत्र स्थित फराना गांव निवासी 26 वर्षीय बृजेश सोलंकी की रेबीज से मौत हो गई। भाई संदीप सोलंकी के अनुसार करीब तीन महीने पहले एक पिल्ले ने बृजेश की उंगली में काट लिया था, जिसके बाद बृजेश ने एआरवी नहीं लगवाई। इसके बाद 26 जून को अचानक बृजेश की पहले उंगली, फिर हाथ और धीरे-धीरे पूरा शरीर सुन पड़ गया। परिजनों ने विभिन्न अस्पतालों में दिखाया, लेकिन रेबीज के लक्षण देख चिकित्सकों ने उपचार से इनकार कर दिया। 27 जून की सुबह बृजेश ने दम तोड़ दिया। बृजेश प्रदेश स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में पदक भी जीत चुके थे और अब प्रो कबड्डी लीग के चयन की तैयारी कर रहे थे।