यूपी के बुलंदशहर में हिंदू युवा वाहिनी के छह सदस्यों पर आरोप लगा है कि उन्होंने गुलाम अहमद नाम के एक बुजुर्ग शख्स को पीट-पीटकर मार डाला। पूरे मामले के पीछे एक बार फिर लव जिहाद का जिन्न खड़ा दिख रहा है। पूरा मामला गुलाम अहमद के एक रिश्तेदार से जुड़ा है जिसपर एक हिंदू लड़की को भगा ले जाने का आरोप लगा था। युवा वाहिनी के सदस्यों ने इस बात की सजा गुलाम अहमद को उनकी जान लेकर दी। फिलहाल, पुलिस का कहना है कि कुछ आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं।