बदायूं के बिल्सी थाना क्षेत्र के सिरसौली गांव के खेतों में वन विभाग की रेस्क्यू टीम पर जंगली सुअर ने हमला कर दिया, जिससे टीम के सदस्य शुभम प्रताप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। बृहस्पतिवार को ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची टीम जंगली सुअर का रेस्क्यू कर रही थी, तभी यह घटना हुई। शुभम प्रताप सिंह वन विभाग कॉलोनी थाना सिविल लाइंस के निवासी हैं। बृहस्पतिवार को सूचना मिली कि सिरसौली गांव के खेतों में जंगली सुअर आ गया है। इसी सूचना पर टीम रेस्क्यू करने वहां पहुंची थी। टीम कुछ समझ पाती के सुअर ने हमला कर दिया। इस हमले में शुभम गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। उनको जिला अस्पताल में प्रथम उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।