बदायूं के गांव ढोरनपुर के ग्रामीण सड़क बनवाने की मांग को लेकर पिछले चार दिन से भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं। चौथे दिन शनिवार की सुबह तहसीलदार डॉक्टरों की टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। जिन ग्रामीणों की हालत बिगड़ी है, उन्हें ग्लूकोज दिया गया। साथ ही तहसीलदार विजय कुमार शुक्ला ने ग्रामीणों को जल्द सड़क निर्माण शुरू कराने का आश्वासन दिया। तहसीलदार ने कहा कि उन्हें जिलाधिकारी ने भेजा है। सड़क का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। शासन में जैसे ही प्रस्ताव पास होगा तो उसके बाद सड़क निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा। हालांकि ग्रामीण किसी की बात मानने के लिए तैयार नहीं हुए। उनका कहना है कि डीएम खुद आकर बात करें तब भूख हड़ताल समाप्त होगी।