बदायूं के कादरचौक के श्री गढ़ी बाबा मुन्नालाल मेमोरियल इंटर कॉलेज में शुक्रवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से अपराजिता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को सामाजिक सद्भाव, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य, आत्मरक्षा और साइबर क्राइम जैसी विषयों पर जानकारी दी गई। वहीं कार्यक्रम में बताया कि महिला सबसे ताकतवर है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की डॉ. शैला लोदी ने कहा कि स्वास्थ्य की दिशा में हर युवती को अपराजिता बनना है। उन्होंने मौसमी फल और संतुलित आहार के महत्व बताए। साथ ही ब्लड कैंसर, खून की कमी और मासिक धर्म संबंधी समस्याओं की जानकारी दी। कहा कि यहां से सीखी गई स्वास्थ्य संबंधी जानकारियों को गांव-गांव तक पहुंचाएं। महिला सिपाही रंजना पटेल ने हेल्पलाइन की जानकारी दी। कहा कि अनचाही कॉल आए तो 1090 नंबर पर संपर्क करें। शिकायत दर्ज होने के बाद पीड़िता का नाम-पता उजागर नहीं किया जाएगा। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई होगी। महिला सिपाही कौशीन ने कहा कि पुलिस तीन महीने तक पीड़ित के संपर्क में रहती है और समय-समय पर फीडबैक भी लेती है। ऐसे मामलों में पुलिस सख्ती से कार्रवाई करती है। इसलिए अब महिलाओं को डरने की जरूरत नहीं है। प्रधानाचार्य डिवंशन लाल राजपूत ने कहा कि आज के दौर में महिला सबसे ताकतवर है। कार्यक्रम में प्रबंधक निखिल कुमार, दिनेश सिंह यादव, वुशरा, रीना, धारना, सिम्मी, साक्षी, संतोष, शिवकुमार, राहुल, मित्र प्रिय गौतम आदि मौजूद रही।