बरेली-बदायूं हाईवे पर गांव बरखेड़ा स्थित शनि मंदिर के पास बोलेरो कार अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे खाई में पलट गई। कार में आठ लोग सवार थे। गनीमत रही कि किसी के भी गंभीर चोट नहीं आई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार कार की रफ्तार बहुत तेज थी। बिनावर बाईपास पर निर्माण कार्य चल रहा है। इस दौरान डंपर व अन्य भारी वाहन अक्सर गलत दिशा साइड से गुजरते हैं। बोलेरो चालक ने सामने से आ रहे डंपर को बचाने के लिए ब्रेक लगाया, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार पलटती हुई खाई में गिर गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कार से लोगों को बाहर निकाला। गनीमत रही कि सभी लोग सुरक्षित बच गए। कार में रिजवान, जमी़ल सहित कुल आठ लोग सवार थे। ये सभी बरेली के थाना भमोरा क्षेत्र के गांव सिरोही निवासी हैं। सभी लोग अपने गांव सिरोही से थाना बिनावर क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर जा रहे थे। रास्ते में हादसा हो गया। सूचना पाकर थाना बिनावर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।