बदायूं की बिल्सी तहसील क्षेत्र के गांव सिरसौल में चल रहे चकबंदी का काम बंद कराने की मांग को लेकर सोमवार को कई ग्रामीण डीएम से मिलने के लिए पहुंचे। उन्होंने कलक्ट्रेट का घेराव करते हुए जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में जो चकबंदी हो रही है, उसमें पक्षपात किया जा रहा है। इससे किसानों को काफी नुकसान हो रहा है। बिल्सी के गांव सिरसौल की महिलाएं और पुरुष हाथों में तख्ती लेकर सोमवार दोपहर में कलक्ट्रेट पहुंचे। और जमकर नारेबाजी की। कलेक्ट्रेट में तैनात कर्मचारियों ने उन्होंने डीएम मनोज कुमार के बैठक में होने बात कही। साथ ही शिकायती पत्र को कार्यालय में दे जाने को कहा। कहा कि आपकी समस्या का समाधान हो जाएगा, लेकिन ग्रामीणों ने कर्मचारियों की एक नहीं सुनी, बल्कि कलेक्ट्रेट गेट पर ही वह बैठ गए और विरोध प्रदर्शन किया। डीएम से मिलकर समस्या के निदान की मांग की। रमेश ने कहा कि चकबंदी को केवल उनके लिए हो रही है, जिसकी जेब में पैसा है। क्योंकि कर्मचारी केवल उनकी मर्जी के अनुसार ही काम कर रहे हैं। इससे ग्रामीणों को बिल्कुल भी फायदा नहीं है। धनश्याम ने बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल और कानूनगो की ओर से गांव में किसानों के साथ धोखा किया जा रहा है। करीब डेढ़ घंटे बाद एडीएम एफआर डॉ. वैभव शर्मा पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की बातों को सुना। कहा कि चार जून के बाद में एक बार ग्रामीणों से बात करेंगे। उसके बाद में आगे का निर्णय लिया जाएगा।