बदायूं के उझानी क्षेत्र में शुक्रवार रात भैंस चोरी करके ले जा रहे दो चोरों को ग्रामीणों ने घेरकर पकड़ लिया। दोनों की जमकर पिटाई की गई। भीड़ ने चोरों के लोडर वाहन में तोड़फोड़ की। शनिवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची तो उसे भी भीड़ के गुस्से का सामना करना पड़ा। एक सिपाही की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उससे हाथापाई तक कर दी गई। पुलिस करीब चार घंटे तक गांव में फंसी रही। ग्रामीण पुलिस की गाड़ी आगे नहीं बढ़ने दे रहे थे। ग्रामीणों का गुस्सा फूटा तो हालात देख एसडीएम और सीओ के अलावा स्थानीय अफसर भी सहम गए थे। एक- दो मर्तबा हालात ऐसे भी बने कि चोरों की जान कैसे बचाई जाए। पीएसी के पहुंचने के बाद पुलिस चोरों को ग्रामीणों से बचाकर कोतवाली में ला पाई।