बदायूं के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में दातागंज तिराहे पर शनिवार सुबह एक युवक ने दूसरे युवक को सरेराह बेल्ट से पीटा। उसके बाद मौके से भाग गया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला शनिवार सुबह करीब सात बजे का बताया गया। इस दौरान तिराहे पर दो होमगार्ड भी तैनात थे। उनके सामने ही एक युवक आया और दूसरे युवक की बेल्ट से पिटाई शुरू कर दी। पिटने वाला युवक खुद को बचाने के लिए इधर उधर भागता रहा। वहां मौजूद कुछ लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। जानकारी होने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। अभी यह पता नहीं चला है कि युवक कौन था और उसने दूसरे युवक को क्यों पीटा।