बदायूं के कुंवरगांव थाना क्षेत्र के खासपुर गांव निवासी मक्कन का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह कासिमपुर साप्ताहिक बाजार से पौनिया (तमंचा) लेकर घूमता दिख रहा है। किसी के कुछ कहने पर पौनिया दिखा कर डरा रहा है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि मक्कन एक महिला के घर में पौनिया लेकर पहुंच गया था। उस समय महिला का पति घर पर नहीं था। महिला के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर जुट गए। आरोप है कि मक्कन नशे की हालत में वहां से भागकर कासिमपुर के मछली बाजार पहुंच गया। हाथ में पौनिया देख बाजार में अफरा-तफरी मच गई। एक युवक ने उसका वीडियो बनाया तो उसने पौनिया उस पर तान दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी देर चले हंगामे के बाद आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी हाथ में अवैध पौनिया लेकर बाजार में घूमता नजर आ रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।