शेरकोट में मंगलवार सुबह नेशनल हाईवे पर मुबारकपुर कुंडे के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। सुबह करीब 6 बजे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले बाइक सवारों को और फिर सामने से आ रही पिकअप वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में लखीमपुर खीरी के बिछवी गांव के निवासी रंजीत पुत्र रामशंकर और लाला पुत्र भैया लाल शामिल हैं, जो बाइक पर सवार थे। वहीं पिकअप वाहन चला रहे फिरोज पुत्र मोहम्मद उमर, निवासी नई बस्ती जसपुर (उत्तराखंड), ने भी घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर का प्रभाव इतना भीषण था कि कंटेनर बाइक और पिकअप को करीब 30 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हाईवे की रेलिंग बुरी तरह टूट गई और पिकअप पलटकर सड़क पर बिखर गई, जबकि बाइक चकनाचूर हो गई। हादसे के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही एसपी पूर्वी धामपुर एके श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कराई। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे के वन-वे होने के बाद से आमने-सामने की टक्कर की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पिछले एक महीने में इसी कारण हुए हादसों में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जिससे क्षेत्र में गहरी चिंता व्याप्त है।