बिजनौर के धामपुर नगर में इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि नागरिकों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। लोगों का कहना है कि रोज़ाना 10 से 12 से ज्यादा लोग कुत्तों के हमले का शिकार हो रहे हैं, जिनमें बच्चे और बुज़ुर्ग भी शामिल हैं। क्षेत्रवासी कई बार नगर पालिका प्रशासन से कुत्तों को पकड़वाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी के अनुसार, रोजाना 15 से 20 लोग डॉग बाइट के केस में अस्पताल पहुंच रहे हैं। उन्हें रेबीज इंजेक्शन दिए जा रहे हैं। फिलहाल अस्पताल में इंजेक्शन की कोई कमी नहीं है, लेकिन लगातार बढ़ रहे मामलों ने स्वास्थ्य विभाग को भी सतर्क कर दिया है। इस बीच नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रवि कुमार शुक्ला ने बताया कि जल्द ही आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। वहीं नागरिकों ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की है ताकि कुत्तों के आतंक से उन्हें राहत मिल सके।