बिजनौर जनपद में नहटौर में कार तथा बाइक की टक्कर में राजमिस्त्री व दो मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। घटना से परिजनों में शोक व्याप्त हो गया। महमूदपुर कामिल उर्फ नवादा निवासी सईद (45) पुत्र शफीक राजमिस्त्री का काम करता था। वृहस्पतिवार को वह फरीदपुर निवासी नूर शाह (55) पुत्र वजीर शाह तथा काजीपुर निवासी नूर आलम (30) पुत्र इकबाल को साथ लेकर बाइक से कोतवाली क्षेत्र के गांव श्यालूनंगला में काम करने के लिए जा रहा था। फुलसंदा में कोतवाली देहात की ओर से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं कार भी पलट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी पहुंचाया। जहां सईद तथा नूर शाह को चिकित्सकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं नूर आलम को बिजनौर रैफर कर दिया। नूर आलम ने भी बिजनौर ले जाते समय रास्ते में दम तोड दिया। उधर, कार सवार मौके से भाग खड़ा हुआ। परिजनों नेे शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, परिजनों ने कार सवार के विरूद्ध तहरीर देकर कार्यवाई की मांग की है।