बिजनौर। धामपुर के टीचर्स कॉलोनी स्थित नासिर बाबा पीर मजार परिसर के रास्ते की दीवार को प्रशासन द्वारा बुलडोजर से हटाए जाने के बाद शुक्रवार देर रात माहौल तनावपूर्ण हो गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी अंजनी कुमार चतुर्वेदी और आजाद समाज पार्टी के मंडल महासचिव एवं सांसद प्रतिनिधि विवेक सेन के बीच तीखी नोकझोंक हुई। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार राजस्व विभाग द्वारा पूर्व में स्थल की पैमाइश की जा चुकी थी और उप जिलाधिकारी के आदेश पर संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों का कहना है कि दीवार हटाने का निर्णय जनहित में लिया गया है। कार्रवाई का विरोध कर रहे विवेक सेन ने प्रशासन की कार्रवाई पर आपत्ति जताई। इस दौरान उनकी पुलिस क्षेत्राधिकारी से बहस हो गई। मौके पर मौजूद कोतवाल मृदुल कुमार सिंह ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। घटना के बाद देर रात तक मजार परिसर के पास आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी से जुड़े कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय लोगों का धरना जारी रहा। शनिवार को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धामपुर, स्योहारा, रेहड़, शेरकोट, अफजलगढ़ और नहटौर समेत कई थानों की पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बिना पर्याप्त सूचना के रात के समय दीवार को ध्वस्त किया गया। उन्होंने इस मामले को लेकर नाराजगी जताई और कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने की अपील की। पार्टी नेताओं ने बताया कि मामले की जानकारी नगीना लोकसभा क्षेत्र के सांसद चंद्रशेखर आजाद को भी दे दी गई है, जिसके बाद आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा।