धामपुर में शुक्रवार को अल्हैपुर विकासखंड की ओर से देशभक्ति के माहौल के बीच तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुरादाबाद मार्ग स्थित मुन्नी देवी मंदिर से शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। उत्तर प्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाएं, रोजगार सेवक, सहायक विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों समेत अन्य कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर सहभागिता की। यात्रा का शुभारंभ राणा प्रियंकर सिंह, ब्लॉक प्रमुख क्षमा हेमलता चौहान और खंड विकास अधिकारी त्रिलोकचंद सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए खंड विकास कार्यालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान देशभक्ति के तरानों और गगनभेदी जयकारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा।