चांदपुर में कार से अपने गांव रूपपुर लौट रहे ईंट भट्ठा स्वामी पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उनका मोबाइल तोड़ दिया और सोने की चेन छीन ली। पुलिस ने सात नामजद व 10-15 अन्य अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। रविवार को पीड़ित पक्ष व हिंदू संगठन से जुड़े लोगों ने थाने पर हंगामा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। गांव रूपपुर निवासी कपिल कुमार ने बताया कि वह शनिवार की रात्रि करीब साढ़े नौ बजे गांव इस्माईलपुर स्थित अपने ईंट भट्ठे से कार में अपने घर जा रहे थे। उसके साथ चालक गांव का ही उदित कुमार भी था। धनौरा मार्ग रेलवे फाटक पर बाइक सवार दो लड़कों ने उनकी कार के सामने बाइक लगा दी। उन्होंने बाइक हटाने को कहा तो आरोपियों ने मारपीट की। बाइक सवार नईम अहमद व उसका साथी सरफराज निवासीगण मोहल्ला जमाईपुरा ने उनका मोबाइल छीनकर जमीन पर पटककर तोड़ दिया। मौके पर नगर निवासी वसीम उर्फ टोनी, शमीर, दाऊद निवासी मोहल्ला सरायरफी, अनस निवासी कराल रोड, नाजिम निवासी मोहल्ला काजीजादगान आदि 10-15 अज्ञात लोग लाठी-डंडे लेकर आए और उन पर हमला कर घायल कर दिया। गाड़ी को क्षतिग्रस्त करते हुए गले से सोने की चेन भी छीन ली। आरोपी पथराव करते हुए धार्मिक नारे लगाते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। पुलिस ने नईम अहमद, सरफराज, वसीम उर्फ टोनी, शमीर, दाऊद, अनस, नाजिम को नामजद करते हुए 10-15 अन्य अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।