बिजनौर में एसडीएम द्वारा लेखपाल संघ के तीन पदाधिकारियों को निलंबित कर दिए जाने से नाराज तहसील क्षेत्र के लेखपालों ने एसडीएम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। एसडीएम पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए उनके संरक्षण में कार्य करने से इनकार करते हुए हड़ताल कर धरने पर बैठ गए। एसडीएम ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताते हुए लेखपाल संघ के नेताओं पर कार्य करने के बजाए राजनीति करने का आरोप लगाया। एसडीएम नितिन कुमार ने लेखपाल संघ नगीना के तहसील अध्यक्ष सत्यवीर सिंह, जिला मंत्री अमित मिश्रा व तहसील मंत्री जयपाल सिंह को फार्मर रजिस्ट्री , अंश निर्धारण का कार्य न करने, सरकारी काम में बाधा डालने व गलत आचरण करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।निलंबन की कार्रवाई होते होते ही तहसील के सभी लेखपाल एसडीएम के तबादले की मांग को लेकर तहसील परिसर में काम बंद कर धरने पर बैठ गए। उनका आरोप है कि एसडीएम से जब वह वार्ता के लिए गए थे तो उनके साथ बदसलूकी की की गई तथा लेखपालों से अवैध वसूली की मांग की जा रही है। उन्होंने एसडीएम के तबादले तक धरने पर बैठे रहने का ऐलान किया है।