राह चलते राहगीरों से मोबाइल छिनैती करने के साथ ही बाइक चोरी करने वाले गिरोह के सदस्य को पुलिस ने बृहस्पतिवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। भदोही कोतवाली पुलिस टीम ने बदमाश को करियावं के पास 25 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया। बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी है। इस साल पुलिस की बदमाशों के साथ पांचवीं मुठभेड़ है।जिले में मोबाइल छिनैती और बाइक की चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने सख्त रूख अपनाया है। एसपी के सख्त रवैये के बाद पुलिस ने बीते 20 मार्च को तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया था। वहीं एक बदमाश बाजार सरदार खां निवासी अलिम उर्फ नन्हका मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने इसके ऊपर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बुधवार की रात भदोही कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बदमाश करियावं गांव के पास मौजूद है। वह किसी घटना को अंजाम देने की नियत से जा रहा है। सूचना के बाद सक्रिय हुई पुलिस जब मौके पर पहुंची तो बदमाश पुलिस टीम को देख भागने में फिराक में लग गया। इस बीच पुलिस ने उसे घेर लिया। जिस पर बदमाश ने पुलिस पर फायर झाेंक दी। जवाबी फायरिंग में बदमाश के दाहिने पैर पर गोली लगी। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से चोरी की बाइक के साथ तमंचा और कारतूस बरामद किया। पूछताछ में बदमाश ने बताया कि वह राह चलते लोगों से मोबाइल छिनैती करता है। वहीं बाइक चोरी की घटनाओं को भी अंजाम देता है। जिसमें कुछ बाइक को बेच देता है और कुछ का प्रयोग छिनैती घटनाओं को अंजाम देने में करता है। बदमाश के खिलाफ अलग-अलग थानों में कुल आठ मुकदमें दर्ज हैं।