ज्ञानपुर। उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ के बैनर तले सोमवार को शिक्षकों ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने नव चयनित शिक्षकों को कार्यभार ग्रहण कराने और एनपीएस बकाया व लंबित प्रकरणों के निस्तारण की मांग उठाई। मुख्यमंत्री को संबोधित पत्रक डीआईओएस को सौंपा। उप्र माध्यमिक शिक्षक के जिलाध्यक्ष आनंद तिवारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की ओर से निष्पक्षता व योग्यता के आधार पर नवचयनित प्रवक्ताओं एवं सहायक अध्यापकों को जनपद आवंटन के उपरांत जल्द से जल्द पदभार ग्रहण कराया जाना चाहिए। जिससे कॉलेजों में शिक्षा व्यवस्था सुचारू हो सके। इसके अतिरिक्त एनपीएस कटौती, बकाया के साथ एनपीएस व ओपीएस में आच्छादित शिक्षकों की काटी गई धनराशि को ब्याज सहित जीपीएफ खाते में स्थानांतरित की जाए। जिला मंत्री तेजा सिंह ने बताया कि चयन वेतनमान, एरियर भुगतान व ग्रीष्मावकाश में शासकीय कार्यों के लिए उपार्जित अवकाश की स्वीकृति मिलनी चाहिए।