शिल्पकार सेवा संस्थान की ओर से रविवार को अमर शिक्षण संस्थान घाटमपुर, माधोसिंह में पुस्तक विमोचन व सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। समारोह में डॉ. विनोद कुमार स्वामी द्वारा लिखित पुस्तक संगीत में शोध एवं पत्रकारिता पुस्तक का विमोचन हुआ। वहीं प्रो. अनीता को संस्कृत साहित्य सम्मान व प्रो. विजय कुमार भारती को बेस्ट लाइब्रेरियन का सम्मान मिला। मुख्य अतिथि महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की प्रो. अनीता ने संस्कृति और साहित्य किसी भी देश की धरोहर होती है। इनकी बदौलत ही सभ्य समाज की नींव पड़ती है। अपनी जड़ों को छोड़कर हम कभी तरक्की नहीं कर सकते। वहीं साहित्य हमेशा से समाज को नई दिशा देने वाला रहा है। उन्होंने डॉ. विनोद के लेखन की तारीफ की। विशिष्ट अतिथि राकेश कुमार बरनवाल ने बताया कि पुस्तक संगीत व पत्रकारिता के छात्रों के लिए बेहद उपयोगी रहेगी। डॉ. विनोद, मोहनलाल प्रजापति, अवधेश प्रजापति ने भी अपने विचार रखे। अध्यक्षता प्रो. विजय भारती व संचालन मोहनलाल प्रजापति ने किया। मौके पर अजय प्रजापति, छेदीलाल, प्रदीप, हरिमंगल, राजबलि बेदी, दिनेश चंद, कृष्ण कुमार यादव आदि रहे।