औराई ब्लॉक के ककराही माधोरामपुर गांव के प्राचीन तालाब के किनारे बाउंड्रीवाल और पक्का निर्माण को बुधवार को ढहा दिया गया। पुलिस बल के साथ पहुंची राजस्व टीम बुलडोजर लगा के अतिक्रमण को हटाया गया। नाराज महिलाओं ने बुलडोजर के ऊपर ईट पत्थर मारना शुरू किया। जिसके बाद पुलिस ने लाठी-पटक कर लोगों को तितर-बितर किया। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के माधोरामपुर गांव प्रधान रविन्द्र यादव ने प्राचीन तालाब पर हो रहे अतिक्रमण की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल समेत जिलाधिकारी से की थी। शिकायत के निस्तारण की क्रम में औराई नायब तहसीलदार अखिलेश कुमार यादव ने अतिक्रमण करने वाले लोगों को एक सप्ताह पहले खुद से अपने-अपने अतिक्रमण हटाने के लिए निर्देश दिया था। इसके बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया। जिसके बाद नायब तहसीलदार अखिलेश यादव के नेतृत्व में कानूनगो औराई राम आसरे विश्वकर्मा, लेखपाल अनिल यादव सहित पुलिस बल के साथ टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची। टीम ने अतिक्रमण के बाउंड्रीवाल पक्की निर्माण जेसीबी लगाकर जमींदोज कर दिया। इस दौरान टीम को महिलाओं के विरोध का सामना करना पड़ा। महिलाओं ने दिवाल की आड़ से पत्थर चलाए। नायाब तहसीदार ने बताया कि शिकायत के बाद जांच की गई। जिसमें शिकायत सही मिलने पर कार्रवाई की गई। वहीं प्रभारी निरीक्षक शैलेश राय ने बताया कि पत्थरबाजी को लेकर अभी कोई शिकायत नहीं मिली है।