जिले में प्रस्तावित औद्योगिक गलियारा में जा रहे खेत को लेकर बृहस्पतिवार को ज्ञानपुर के तहसील के दानुपुर पूरब पट्टी गांव के दर्जनों किसान कलेक्ट्रेट पर धमक पड़े। किसानों ने प्रस्तावित औद्योगिक गलियारे का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। कहा कि इससे सैकड़ों किसानों की उपजाऊ जमीन गलियारे में चली जाएगी। जिससे उनकी आजीविका बाधित होगी। उन्होंने सीएम को संबोधित पत्रक डीएम को सौंपा। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि जिले में प्रस्तावित औद्योगिक गलियारे में दानूपुर पूरबपट्टी गांव भी दायरे में जा रही है। जिसके लिए जमीन अधिग्रहण किया जाएगा। लोगों ने बताया कि गांव में पहले से किसानों के पास जमीन कम है। वहीं गांव के विकास कार्यों के लिए भी जमीन पर्याप्त नहीं है। ऐसे में प्रस्तातिव औद्योगिक गलियारे में जमीन अधिग्रहित की जाएगी। जिससे किसानों की उपजाऊ भूमि चली जाएगी। लोगों ने मांग किया कि किसानों व गांव के हित को देखते हुए औद्योगिक गलियारे के लिए उनके गांव की जमीन को अधिग्रहित न किया जाए।