भदोही जिले में करीब 10 दिन के इंतजार के बाद अंतत: शनिवार को गेहूं खरीद की बोहनी हो गई। तिलंगा गांव के किसान विजय कुमार मिश्र ने मंडी समिति गोपीगंज के क्रय केंद्र पर 20 क्विंटल गेहूं विक्रय किया। इसके पूर्व डीएम शैलेष कुमार, एसपी अभिनव त्यागी की मौजूदगी में विपणन विभाग के कर्मचारियों ने अनाज उतरवाने से पहले किसान का माला पहनाकर स्वागत किया। जिले में गेहूं खरीद के लिए 33 क्रय केंद्र खोले गए हैं। औपचारिक रूप से खरीद की शुरूआत 10 दिन पूर्व शुरू हो गया है, लेकिन एक अप्रैल से किसानों के आने की उम्मीद थी। शनिवार को डीघ ब्लॉक के तिलंगा निवासी विजय कुमार मिश्र गोपीगंज के मंडी समिति स्थित क्रय केंद्र पर गेहूं बेचने के लिए पहुंचे। वे जिले के पहले किसान हैं जिसने गेहूं बेचा है। उन्होंने 20 क्विंटल गेंहू बेचा। जिला विपणन अधिकारी शिशिर कुमार के नेतृत्व में स्वागत किया गया। उन्होंने बताया कि गेहूं की कटाई संग मड़ाई भी चल रही है। अब धीरे-धीरे किसान क्रय केंद्रो पर पहुंचेगे। उन्होंने बताया कि 1250 किसानों ने पंजीकरण कराया है। अब स्व सत्यापित की व्यवस्था की गई है, जिससे किसानों को तहसील से सत्यापन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। खरीद कार्य जोर पकड़ने पर मोबाइल केंद्र भी रन करेंगे।