सर्विलांस टीम के प्रयास से दीपावली और धनतेरस पर्व से पहले 166 भाई-बहनों के चेहरे शुक्रवार को उस समय खिल गए, जब उनके पूर्व में खोए कीमती मोबाइल मिल गए। पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के हाथों मोबाइल पाकर वे खुश हो गए। जिसकी कीमत 26 लाख 56 हजार बताई गई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में इधर कई महीने से कीमती मोबाइल सेटों के गायब होने के मामले पुलिस के पास आ रहे थे। ऐसे में सर्विलांस टीम का सहारा लिया गया। कीमती मल्टीमीडिया मोबाइल सेटों को बरामद करने के लिए बाकायदा सर्विलांस टीम में मोबाइल रिकवरी सेल का गठन किया। करीब एक महीने से अधिक समय में विभिन्न थानाक्षेत्रों में खोए 166 मोबाइल को बरामद किया गया। पुलिस लाइन में पत्रकारों से रूबरू होकर एसपी ने मोबाइल उनके स्वामियों को सौंपा। महीनों से गायब मोबाइल पाकर उनके चेहरे खुशी से झूम उठे। एसपी ने बताया कि बरामद मोबाइल सेटों की कीमत 26 लाख 56 हजार है। एक जनवरी से अब तक कुल 468 मोबाइल बरामद कर उनके स्वामियों को दिया गया। इसमें ज्ञानपुर पुलिस ने 19, गोपीगंज ने 30, कोइरौना ने 10, भदोही ने 20, चौरी ने 11, औराई ने 23, सुरियावां ने 29 और दुर्गागंज ने 10 मोबाइल बरामद किया।