मौनी अमावस्या का मुख्य स्नान पर्व 18 जनवरी को है। जिले के रास्ते से बड़ी संख्या में स्नार्थी गंगा स्नान करने प्रयागराज सहित जिले के विभिन्न घाटों पर जाते हैं। गंगा में डुबकी लगाकर पुण्यफल की कामना करते हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी शैलेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने संयुक्त रूप निरीक्षण करके व्यवस्थाएं परखी है। उन्होंने औराई इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। कॉलेज के अंदर बने हाल, शौचालय, परिसर और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। कॉलेज प्रबंधन को निर्देशित किए कि लाइटिंग की व्यवस्था पर्याप्त की जाए और जरूरत पड़ने पर स्नानार्थी को होल्डिंग एरिया में रोका जाए, तो कोई दिक्कते न हो। उनके रहने खाने और पानी पीने की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। मौनी अमावस्या का स्नान पर्व रविवार को है। जिसके लिए प्रयागराज, सेमराध नाथ, भोगांव गंगा घाट, रामपुर, सीतामढ़ी, कलिजंरा, बिहरोजपुर आदि गंगा घाट पर स्नान करने के लिए भीड़ जूटती है। जब घाटों पर भीड़ बढ़ती है, तो लोगों को कुछ देर के लिए होल्डिंग एरिया में रोके जाते हैं। इसीलिए व्यवस्था पहले से ही दुरुस्त की जा रही है। जिससे सड़क पर ट्रैफिक का दबाव न बढ़े सके।एसपी ने औराई कोतवाल मनोज कुमार को भी निर्देशित किए कि औराई चौराहे से लेकर होल्डिंग एरिया तक स्नानार्थियों की सुरक्षा में कोई कोताही न बरती जाए। जगह-जगह मुख्य बाजारों में हाईवे पर पुलिस की ड्यूटी तैनात किए जाए। मौके पर एडीएम कुंवर विरेंद्र मौर्य, एसडीएम शैलेंद्र मणि त्रिपाठी, तहसीलदार सुनील कुमार आदि रहे।