डिस्ट्रीक बार एसोसिएशन के सात कार्यकारिणी सदस्यों ने बुधवार को अपने-अपने पद से त्याग पत्र दे दिया। डिबाए की समस्याओं और लेखा-जोखा को लेकर आम सभा की बैठक न कराए जाने से नाराज कार्यकारिणी सदस्यों ने डिबाए अध्यक्ष को अपना त्याग पत्र सौंपा। कार्यकारिणी सदस्यों ने बताया कि उन्होंने कई बार अधिवक्ताओं की समस्याओं के साथ-साथ लेखा-जोखा के लिए आम सभा की बैठक बुलाने की मांग की। इसके अलावा 11 अप्रैल को 2025 को सभी अधिवक्ताओं ने पत्रक देकर भी इसकी मांग और इसके बाद 17 मई को रिमांइडर पत्र भेजा। आरोप लगाया कि बार-बार पत्र दिए जाने के बाद भी आम सभा की बैठक नहीं बुलाई जा रही है और मामले में लगातार हीलाहवाली की जा रही है। जिससे हम सभी कार्यकारिणी सदस्य खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। जिसको देखते हुए बिना किसी दबाव हम लोगों ने अपने-अपने पद से त्याग पत्र दे दिया है। त्याग पत्र देने वालों में योगेश कुमार बरनवाल, सौरभ कुमार, पुनीत पांडेय, रागिनी तिवारी, शिव कुमार पाठक, सत्येन्द्र कुमार बारी और शिव कुमार यादव शामिल हैं। डिस्ट्रीक बार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष प्रभाकर तिवारी ने बताया कि अधिवक्ताओं का त्याग पत्र मिला है, लेकिन अब तक उसे स्वीकार नहीं किया गया है। कार्यकारिणी सदस्यों से बात किया जाएगा और उन्हें बात रखने का मौका दिया जाएगा। उसके बाद ही आगे कुछ निर्णय होगा।