डिस्ट्रीक बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने शनिवार को बाल न्यायालय मुख्यालय स्थानांतरित करने और बार भवन के लिए बजट को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष सूर्यदत्त पांडेय के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। वहीं जिलाधिकारी व जिला जज समेत अन्य को पत्रक सौंपा। अधिवक्ताओं ने बताया कि किशोर बाल न्यायालय अब भी ज्ञानपुर में संचालित होता है। जिसके कारण अधिवक्ताओं को बार-बार मुख्यालय से ज्ञानपुर आना-जाना पड़ता है। जिससे उनका समय और श्रम खर्च होता है। इसके अलावा काफी दिनों से बार भवन का मामला अटका हुआ है। अधिवक्ता जाड़ा, गर्मी, बरसात टीनशेड के नीचे बिताने को मजबूर हैं। कई बार पत्रक भी दिया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अधिवक्ताओं ने कहा कि अगर दोनों मांगे जल्द पूरी नहीं की गयी तो वे बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।