बस्ती के दुबौलिया थाना क्षेत्र में मनोरमा नदी के पिपरौल घाट पुल पर मंगलवार सुबह एक महिला के कपड़े और पत्र मिलने से सनसनी फैल गई। पत्र में महिला ने अपनी तीन माह की बेटी के साथ नदी में कूदने की बात लिखी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश शुरू कराई। इसी बीच घटना के करीब दो घंटे बाद महिला ने अपने पिता को फोन कर खुद के और बेटी के सुरक्षित होने की जानकारी दी, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। महिला की पहचान कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भटहा गांव निवासी पूजा देवी, पत्नी सुनील, के रूप में हुई है।