बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट रहे अलंकार अग्निहोत्री के निलंबन के बाद विरोध प्रदर्शन अब आंदोलन का रूप लेता दिखाई दे रहा है। दामोदर स्वरूप पार्क में मंगलवार को तमाम संगठनों के पदाधिकारी जुटे। यूजीसी के प्रावधानों का विरोध इनका मुख्य मुद्दा है, इसके अलावा शंकराचार्य के अपमान जैसी कई बातों को वक्ता अपने भाषणों में शामिल कर रहे हैं। हिंदू संगठन के नेता पंकज पाठक ने कहा कि यूजीसी कानून के बहाने हिंदू समाज को बांटने का प्रयास किया जा रहा है। निलंबित अफसर अलंकार अग्निहोत्री दोपहर करीब साढ़े बजे अपने सरकारी आवास से बाहर निकले और डीएम से मिलने के लिए फिर कलक्ट्रेट की ओर रवाना हो गए। इससे कलक्ट्रेट में हलचल तेज हो गई। कलक्ट्रेट में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।