बरेली में अमर उजाला की ओर से केपीआरसी कला केंद्र कन्या इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। इसमें एसपी ट्रैफिक अकमल खान ने छात्राओं को सुरक्षा का पाठ पढ़ाया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध का शिकार होने से बचना है तो अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी हर गतिविधि को सोशल नेटवर्किंग साइट पर अनजान व्यक्तियों से साझा न करें। यदि ऑनलाइन अपराध का शिकार हो रहे हैं, तो उसे छिपाएं नहीं। तत्काल शिकायत दर्ज कराएं। ऑनलाइन अपराध से बचने के लिए सतर्कता और जागरूकता आवश्यक है। पाठशाला में कक्षा नौ से 12 वीं की छात्राएं और शिक्षिकाएं शामिल हुईं। एसपी ट्रैफिक ने छात्राओं को बताया कि अपने बैंक खातों की जानकारी, एटीएम पिन, सोशल मीडिया अकाउंट के पासवर्ड किसी से भी साझा नहीं करनी चाहिए। मैलिशियस सॉफ्टवेयर, फिशिंग, हैंकिंग, डाटा चोरी के बारे में छात्राओं को विस्तार से बताया। यातायात नियमों के बारे में जानकारी देते हुए कहा दोपहिया वाहन वालों को हेलमेट लगाना बहुत आवश्यक है। अधिकांश लोग सड़क दुर्घटनाओं में हेलमेट न लगाने के कारण हताहत होते हैं। 18 वर्ष से पहले बिना लाइसेंस के वाहन न चलाएं।