बरेली के चौधरी तालाब सुरखा निवासी जमीला के साथ परिवार की महिलाएं बुधवार को एसएसपी दफ्तर पहुंच गईं। जमीला ने बताया कि उनकी देवरानी ने उनके मकान के एक हिस्से पर कब्जा कर लिया है। अब वह पूरे मकान पर कब्जा करना चाहती है। बताया कि देवरानी की गढ़ी चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार से अच्छी जान पहचान है। चौकी प्रभारी अक्सर उन्हें और उनके परिजनों को बुलाकर चौकी पर बैठा लेते हैं और समझौता करने के लिए धमकाते हैं। आरोप लगाया कि उन्होंने सिपाहियों को घर भेजकर परिजनों से अभद्रता की। चौकी प्रभारी ने धमकी दी कि अगर समझौता नहीं किया तो फर्जी मामले में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया जाएगा। एसएसपी से चौकी प्रभारी और पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।