बरेली बवाल प्रकरण के मुख्य आरोपी मौलाना तौकीर रजा के बेटे फरमान के खिलाफ शाहजहांपुर के तिलहर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मंगलवार रात फरमान की कार लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर कछियानी खेड़ा हनुमान मंदिर के सामने खड़ी बस से टकरा गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस को फरमान के पास से आधा ग्राम क्रिस्टल ड्रग्स बरामद हुई थी। इस संबंध में बरेली रेंज के डीआईजी अजय कुमार साहनी ने बताया कि पूछताछ में पता लगा कि फरमान ने दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन पर एक युवक से ड्रग्स खरीदा था। इस संबंध में रिपोर्ट पंजीकृत की गई है। बरामद ड्रग्स को जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस ने फरमान का मेडिकल कराने के साथ ही उसके खून के सैंपल लिए हैं, जिसे जांच के लिए भेजा गया है। जिन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है, उसमें अधिकतम एक साल की सजा है। इसलिए फरमान को थाने से ही जमानत दे दी गई। अग्रिम जांच के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।