बरेली में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ चंदेल गुट का 58वां प्रांतीय सम्मेलन संजय कम्युनिटी हॉल में मंगलवार दोपहर 12:00 बजे शुरू हुआ। प्रदेश अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि जब तक पुरानी पेंशन लागू नहीं हो जाती, तब तक संगठन चैन से नहीं बैठेगा। तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण को अनिवार्य रूप से किए जाने और पूरे देश में एक जैसा पाठ्यक्रम लागू किए जाने की मांग संगठन का एजेंडा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा माफिया पूरे देश में एक जैसा पाठ्यक्रम लागू होने नहीं दे रहे हैं, इसमें अड़चन सरकार दूर कराए। सम्मेलन का शुभारंभ वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ अरुण कुमार ने किया। उन्होंने कहा शिक्षकों की समस्याओं समाधान के लिए वह हर समय तैयार हैं। कोई महत्वपूर्ण मुद्दा या समस्या है तो उसको लेकर वह मुख्यमंत्री के समक्ष भी जाने के लिए तैयार हैं।