बरेली में पुलिस ने लोगों के गुम या खोए हुए 516 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों के सुपुर्द किए हैं। बरामद किए गए मोबाइल फोनों की कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई है। जिले के विभिन्न थानों में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटरों, साइबर टीम एवं सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम द्वारा सीईआईआर पोर्टल पर तकनीकी संसाधनों व पुलिसकर्मियों के प्रयासों से जनवरी में 516 मोबाइल फोन बरामद किए गए। बुधवार को पुलिस लाइन स्थित रविंद्रालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात अकमल खान ने ये सभी मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सौंपे। गुम व खोए हुए मोबाइल फोन मिलने से लोगों को चेहरे खिल गए। पुलिस अधीक्षक यातायात बताया कि अब तक बरेली पुलिस द्वारा कुल 3648 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग सात करोड़ रुपये है।