ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने उत्तर प्रदेश सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि मदरसा आधुनिक योजना को प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने शुरू की थी। इसका मकसद मदरसों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को आधुनिक बनाना था, ताकि अरबी, फारसी, उर्दू के साथ हिंदी, अंग्रेजी, कम्प्यूटर शिक्षा हासिल कर सकें। मौलाना ने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने बड़ा निर्णय लेते हुए 22 हजार मदरसा शिक्षकों को राहत देने का काम किया है। ये वे शिक्षक हैं जिनकी नौकरी मदरसा आधुनिकीकरण योजना के बंद होने के बाद करीब 26 महीने पहले चली गई थी। मुख्यमंत्री ने साफ किया है कि शिक्षा के स्तर को सुधारने में इन शिक्षकों के योगदान को व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इन शिक्षकों को मदरसा शिक्षा प्रणाली के भीतर ही समायोजित करने का निर्देश दिया है। सरकार का ये कदम स्वागत योग्य है।