बरेली के भोजीपुरा क्षेत्र के गांव आसपुर पीतमराय में बुधवार रात ड्रोन उड़ने का शोर मचा था। बृहस्पतिवार को एक किसान के खेत में खिलौने वाला ड्रोन मिला। किसान ने ड्रोन थाना प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा को सौंप दिया। सीओ हाईवे नीलेश कुमार मिश्र व एसडीएम सदर प्रमोद कुमार, प्रभारी निरीक्षक प्रवीन सोलंकी ने ड्रोन को उड़ाकर दिखाते हुए बताया कि यह खिलौने वाला ड्रोन है। इसे रिमोट के माध्यम से काफी ऊंचाई तक उड़ाया जा सकता है। खुराफातियों द्वारा इसी तरह के ड्रोन को उड़ाकर दहशत फैलाईं जा रही है। प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा प्रवीन सोलंकी ने चेतावनी देते हुए कहा है कि ड्रोन की अफवाह फैलाने वालों व ड्रोन उड़ानें वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वीडियो जारी करते हुए कहा ड्रोन खुराफातियों के दिमाग की उपज है, इससे भयभीत होने की जरूरत नहीं है।