बरेली में एक नवंबर से शुरू होने वाले चौबारी मेले की तैयारियां चल रही हैं। बाहर से दुकानदारों के आने का सिलसिला जारी है। मेले में झूले लग चुके हैं। रामपुर से आए झूला संचालक ने बताया कि नाव वाला झूला तैयार हो गया है। टोरा-टोरा, नाग समेत अन्य झूले एक-दो दिन में तैयार हो जाएंगे। चेक करने के बाद उनकों संचालित किया जाएगा। मेला स्थल की ओर जाने वाली सड़क बनाई जा रही है। पुलिस चौकी व अस्पताल के लिए जगह प्रशासन की ओर से देखी गई है। कार्तिक पूर्णिमा पर रामगंगा के चौबारी घाट पर लगने वाले मेले की तैयारियों का बुधवार को एसपी सिटी मानुष पारीक समेत अन्य अधिकारियों ने जायजा लिया। घाट पर सुरक्षा के मद्देनजर की जा रही बैरीकेडिंग को देखा। मेले के दौरान यातायात व्यवस्था, पार्किंग व ट्रैफिक डायवर्जन को लेकर की जा रहीं तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पर्याप्त संख्या में फोर्स के साथ गोताखोरों और फ्लड पीएसी के जवानों को तैनात किया जाएगा।