बरेली के मीरगंज के गांव अक्सौरा में बुधवार को उस वक्त खलबली मच गई, जब बच्चों की नजर विशालकाय अजगर पर पड़ी। अजगर सड़क किनारे रखी लकड़ियों के ऊपर धूप सेंक रहा था। पास में ही गांव के बच्चे खेल रहे थे। जब बच्चों की नजर अजगर पर पड़ी तो घबरा गए। उनके शोर मचाने पर ग्रामीण जुट गए। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी, लेकिन काफी देर बाद भी विभाग से कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। ग्रामीणों ने कहा कि अजगर की लंबाई करीब सात फुट है। लोगों ने उसे हटाने का प्रयास किया, लेकिन वह लकड़ियों के ऊपर से नहीं हटा। ऐसा लग रहा था मानो ठंड की वजह से अजगर जकड़ गया हो।