सहकारी समितियों के चुनाव की नामांकन प्रक्रिया बृहस्पतिवार को शुरू हो गई। अन्य जगह तो नामांकन शांतिपूर्ण हुए, लेकिन फूलबेहड़ समिति पर भारी बवाल हो गया। समिति के अंदर जाने को लेकर गेट के पास खड़े सपा पदाधिकारियों व उनके समर्थकों से पुलिस-प्रशासन की कई बार धक्का-मुक्की और कहासुनी भी देखने को मिली। पूर्व सपा विधायक राम सरन, विनय तिवारी ने पुलिस प्रशासन पर सत्ता पक्ष के इशारे पर चुनाव में धांधली कराने का आरोप लगाया। समिति के अंदर जाने और नामांकन पत्रों को जल्द वितरण करने की मांग कर हंगामा शुरू कर दिया। चुनाव अधिकारी को बुलाने पर अड़ गए। सीओ धौरहरा पीपी सिंह ने नियमावली समझाते हुए परिसर से 200 मीटर दूर रहने को कहा। एसडीएम सदर अश्वनी सिंह ने जैसे-तैसे मामला शांत करने की कोशिश की। उम्मीदवार आकाश सिंह ने विधायक मंजू त्यागी पर नामांकन पर्चा फाड़ने और अभद्रता करने का आरोप लगाया।